Monday, 20 May 2013

सोनिया ने छीना रसोई का सुकून


रमन सरकार ने दिलाई राहत

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कहा है कि केन्द्र की यूपीए सरकार की अध्यक्ष हालांकि एक महिला हैं पर इस सरकार ने महिलाओं का सुकून छीन लिया है। जिस रसोई से महिलाएं अपने परिवार को खुशियां देती थीं, जहां वह अपनी रचनात्मक को साकार करती थी, वही रसोई अब महंगाई के चलते उन्हें डराने लगी है।
मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज पाण्डेय की उपस्थिति में मोर्चा की प्रदेश महामंत्री पूजा विधानी ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश करते हुए उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस सरकार को उखाड़ फेंकना है तथा आम जन, विशेषकर महिलाओं की चिंता करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार केन्द्र में बनाना है। प्रस्ताव का समर्थन प्रदेश मंत्री इना श्रीवास्तव ने किया।
रमन महिलाओं के सच्चे हितैषी
बैठक को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को महिलाओं का सच्चा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए रमन सरकार ने कई उपाय किये। इसमें महिला स्वसहायता समूहों का निर्माण तथा उन्हें दिए जाने वाले ब्याज की दर को 6 प्रतिशत से घटाकर तीन प्रतिशत किया जाना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं का मानेदय बढ़ाया जाना, तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को निशुल्क साड़ी वितरण, एक हजार महिला नगर सैनिकों की भर्ती किया जाना जैसे अनेकों कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष हजारों कन्याओं का विवाह कराने का पुण्य कार्य भाजपा सरकार कर रही है। वहीं जननी प्रसव योजना के तहत प्रसवकाल के समय शासकीय एंबुलेंस द्वारा प्रसूता को अस्पताल तक निशुल्क ले जाना एवं उसके चिकित्सीय व्यय को वहन करने के लिए महतारी एक्सप्रेस योजना प्रारंभ की गई है। वहीं महिलाओं को गृहलक्ष्मी का दर्जा देते हुए राशनकार्डों को महिलाओं के नाम किया जा रहा है।
हैट्रिक तय करने का संकल्प
मिशन 2013 में डा. रमन की हैट्रिक तय करने भाजपा महिला मोर्चा की हजारों महिलाओं ने कमर कस लिया है। महिलाओं ने मंडल से लेकर बूथ तक जाकर घर-घर दस्तक देने की रणनीति बनाई है।
सोनिया महिलाओं की दुश्मन
राजनीतिक प्रस्ताव में मोर्चा ने कहा, यूपीए की संयोजक एक महिला होने के बावजूद सरकार महंगाई को लगातार बढ़ावा दे रही है, गृहणियों की रसोई में महंगाई की आग जलाकर केंद्र सरकार एक तरह से महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। इस बेलगाम महंगाई ने सर्वाधिक प्रभाव देश की महिलाओं पर डाला है। महंगाई के चलते घर चलाना दुश्वार हो गया है। गैस सिलेंडर से लेकर खाद्य पदार्थों के मनमाने बढ़ते दामों ने महिलाओं के किचन को खीझ और क्रोध उत्पन्न करने वाला स्थान बना दिया है।

No comments:

Post a Comment