Sunday, 2 June 2013

मंत्रियों के फर्जी लेटरहेड से कन्फर्म हो रही टिकटें

नई दिल्ली। सीजन में रिजर्वेशन के लिए मारामारी के बीच दिल्ली पुलिस के पास एक अनोखा मामला आया है। इसके अनुसार वेटिंग तथा आरएसी रेल टिकटों को कन्फर्म कराने के लिए दलाल तीन केन्द्रीय मंत्रियों के लेटरहेड फर्जी लेटरहेड का इस्तेमाल करते थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि उत्तर रेलवे की सतर्कता शाखा की शिकायत पर धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में रेलवे के मंडल वाणिज्य प्रबंधक, लखनऊ की ओर से सुराग मिला था। शिकायत के अनुसार ट्रैवल एजेंटों के एक ग्रुप ने वेटिंग रेल टिकटों को कन्फर्म कराने के लिए केंद्रीय मंत्रियों एस जयपाल रेड्डी, आनंद शर्मा और के सी वेणुगोपाल के फर्जी लेटरहेड का इस्तेमाल किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर रेलवे ने इस तरह के सात मामलों की ओर ध्यान आकर्षित किया है, जिसमें से पांच में फर्जीवाड़ा किया गया था। इन सात मामलों में से तीन में फर्जी पत्र रेड्डी, शर्मा और वेणुगोपाल के नाम से और दो में बीएसपी सांसद अंबेद राजन के नाम से लिखे गए। सांसद रमाकांत यादव और जगदानंद के नाम से आए पत्र असली पाए गए।
अधिकारी ने बताया कि जिन लेटरहेड पर लिखकर ये पत्र भेजे गए, न सिर्फ वे फर्जी थे बल्कि इस पर मंत्री के कार्यालय के पते के स्थान पर शास्त्री भवन लिखा था जबकि उनका कार्यालय अनुसंधान भवन में है।
रेलवे सतर्कता शाखा द्वारा की गई जांच में पाया गया कि रेड्डी कभी इस तरह के पत्र पर अपने हस्ताक्षर नहीं करते और सिर्फ उनके निजी सचिव अथवा अतिरिक्त निजी सचिव ही ऐसा करते हैं। शर्मा के निजी स्टाफ ने भी शाखा को बताया कि शर्मा आपात कोटा वाले पत्रों पर हस्ताक्षर नहीं करते। मंत्री के सहायक ने सतर्कता शाखा को बताया कि मंत्री कभी भी किसी पत्र में दाहिनी तरफ हस्ताक्षर नहीं करते, वे हमेशा बाईं तरफ हस्ताक्षर करते हैं।

No comments:

Post a Comment