दुर्ग। दुर्ग नगर की जर्जर सड़कों को लेकर लगातार प्रयासरत दुर्ग शहर विधायक अरूण वोरा ने आज तीखे तेवर दिखाते हुए लोक निर्माण विभाग के कायर्पालन अभियंता एसएस मांझी, सहायक अभियंता एसडी जोतदार और उपयंत्री आसिफ हसन एवं अन्य अधिकारियों के साथ शहर भ्रमण किया और सवाल किया कि शहर में सड़क नाम की कोई चीज है या नहीं? अधिकारियों के यह कहने पर कि 16 अक्टूबर से सभी सड़कों का डामरीकरण शुरू किया जाएगा उन्होंने नाराजगी जताई और काम तत्काल शुरू करने को कहा। विधायक के तेवर देख कर अधिकारियों ने तत्काल चंडी मंदिर नयापारा चौक से बघेरा रोड का मरम्मतीकरण कार्य शुरू किया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पोटियाकला के छात्रों ने विधायक अरूण वोरा का घेराव कर उनसे जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। छात्रों ने बताया कि सड़क के खराब होने के कारण उन्हें स्कूल आने मेंं भारी परेशानी उठानी पड़ती है। वे अक्सर सड़क में गिर जाते है। उनकी ड्रेस और किताबे खराब हो जाती है। अरूण वोरा ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे सड़को का शीघ्र संधारण कराएंगे। शासकीय प्राथमिक शाला के छात्रों के अनुरोध पर विधायक अरूण वोरा ने शाला भवन का निरीक्षण भी किया जो काफी जर्जर हो चुका है। उन्होने तत्काल शाला भवन के संधारण और बाउंड्रीवाल के अंदर बरामदें में टाइल्स लगाने के लिए 10 लाख रूपये विधायक निधि से स्वीकृत किए। इस दौरान श्री वोरा के साथ शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आर एन वर्मा, कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता एवं पार्षद देवकुमार जंघेल, नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा, पार्षद संजय कोहले, पूर्व एल्डरमेन बसंत खिलाड़ी, शहर प्रवक्ता प्रकाश गीते, भोजराम यादव सहित अन्य उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment